अमेठी सिटी। जिले के 1,15,760 छात्र-छात्राओं को जल्द ही यूनिफॉर्म और स्टेशनरी के लिए अनुदान मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग प्रति विद्यार्थी 1200 रुपये की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजेगा। विभाग ने इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह धनराशि यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते-मोजे, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए दी जाएगी। योजना का लाभ कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को मिलेगा। इसमें परिषदीय, सहायता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और समाज कल्याण विभाग के विद्यालय शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, एक-दो दिनों में धनराशि खातों में हस्तांतरित होना शुरू हो जाएगी।
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने यह जानकारी दी। जिले में प्रेरणा पोर्टल पर 1,26,759 विद्यार्थियों का पंजीकरण है। 1,15,760 को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। करीब 12 हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों का आधार सत्यापन लंबित है।