अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हर रोज घट बढ़ रही है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से यह संख्या दहाई क्रास नहीं कर सकी है। मंगलवार देर रात आई 1,381 सैंपलों की रिपोर्ट में 11 पॉजिटिव तो 1,370 निगेटिव मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित मिले मरीजों के गांवों व मोहल्लों में बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर रोज संभावित लोगों की सैंपलिंग कराकर जांच की जा रही है। एंटीजन, रैपिड व ट्रूनॉट मशीन से की गई 1,381 की जांच रिपोर्ट संकलित होकर मंगलवार देर शाम जिला प्रशासन को मिली।
मिली रिपोर्ट में 11 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिला प्रशासन को मिली रिपोर्ट में बीएचईएल जगदीशपुर, खरगापुर, रामगढ़, गौरीगंज, बाबूपुर, एचएएल, मढवारा, कटराराजा, थौरी व ऐधी में एक-एक संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमित क्षेत्रों बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 3,298 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 3,153 ठीक हो चुके हैं तो 31 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 114 मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोशन में हैं, जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।