अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के लिए जिले में मतदान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 23 अक्तूबर को मतदान होगा। 1,099 शिक्षक मतदाताओं के लिए नौ मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया के लिए 12 पोलिंग पार्टियां लगाई जाएंगी। सभी केंद्रों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की निगरानी में मतदान कराया जाएगा।
मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान सामग्री, कार्मिकों की तैनाती और केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में मतदान व्यवस्था पर नजर रखेंगे। केंद्रों पर प्रवेश और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
मतदान कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार तैनात करने की प्रक्रिया भी चल रही है। डीडीओ वीरभानु सिंह ने बताया कि निर्वाचन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, मतदान कार्मिकों और मतदाताओं की सुविधा से जुड़े इंतजाम समय से पूरे कराए जा रहे हैं।