अमेठी सिटी। गौरीगंज ब्लॉक के तीन पुरवों में पक्के संपर्क मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने शासन को भेज दिया है। 1.09 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकृत मार्ग बनाए जाएंगे। लंबे समय से आवागमन में परेशानी उठा रहे ग्रामीणों को जल्द ही पक्के मार्ग की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
शाहगढ़ ब्लॉक के पछेला गांव में 31 लाख रुपये, गौरीगंज ब्लॉक के पहाड़गंज स्थित पूरे गोसाई पुरवा में 19 लाख रुपये और पंडरी गांव के पूरे पूरन पुरवा तक 59 लाख रुपये की अनुमानित लागत से डामरीकृत मार्ग बनाए जाने की योजना तैयार हुई है। इन तीनों पुरवों की आबादी 500 के आसपास है। ग्रामीणों को बरसात में कीचड़, फिसलन और उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद लोक निर्माण विभाग से मार्ग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराया गया। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि डामरीकृत मार्ग बनने से आवागमन सुचारु होगा। लोक निर्माण विभाग ने मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक चौड़ाई, मिट्टी की गुणवत्ता, जलनिकासी व्यवस्था और आसपास के ढांचे का परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद ग्रामीण अंचल में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
प्रांतीय खंड के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मार्ग निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है। स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कार्यदायी संस्था चयनित होते ही निर्माण कार्य तय मानकों के साथ शुरू कराया जाएगा।