अमेठी सिटी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में इस सत्र 1.04 लाख विद्यार्थी अगली कक्षा में प्रमोट हुए हैं, मगर करीब 30 हजार बच्चों का सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इस देरी के चलते बड़ी संख्या में अभिभावकों को मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि अटक गई है। इससे बच्चों के लिए जरूरी शैक्षणिक सामग्री जुटाने में कठिनाई सामने आ रही है।
जिले में 1570 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। सरकार की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी के लिए 1200 रुपये की राशि सीधे अभिभावकों के बैंक खाते में भेजी जाती है। इस धनराशि से स्कूल ड्रेस, बैग, जूते, मोजे और अन्य जरूरी सामग्री खरीदी जाती है। सत्यापन लंबित रहने से यह पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई है।
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सत्यापन कार्य में तेजी लाई जाए। विद्यालय स्तर पर लंबित विवरण जल्द पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है, ताकि भुगतान प्रक्रिया शुरू हो सके।
प्रधानाध्यापकों के स्तर पर विवरण का सत्यापन पूरा न होने से 30 हजार बच्चों को लाभ नहीं मिल पाया है। नई कक्षा शुरू होने के बावजूद कई अभिभावक आवश्यक सामग्री नहीं जुटा सके हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को समय पर सुविधा मिल सके।