अमेठी सिटी। जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े 10,203 पात्र कार्मिकों को बुधवार से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ मिलना शुरू होगा। इसके साथ ही डीबीटी वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में होगा, जबकि सभी तहसील मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योजना के तहत जिले के 4,360 शिक्षक, 1,530 शिक्षामित्र, 267 अनुदेशक, 106 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कार्मिक, 40 स्पेशल एजुकेटर और 3,900 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी होगा। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए जाएंगे और डीबीटी के माध्यम से मिलने वाले लाभ प्रदान किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि जिला और तहसील स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।