गौरीगंज (अमेठी)। जिला प्रशासन को बुधवार सुबह मिली 1,476 सैंपलों की रिपोर्ट में एक परिवार के दो सदस्य समेत 10 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 105 हो गई है।
जिला प्रशासन को अलग-अलग स्थानों से एकत्र 1,476 सैंपलों की एंटीजन, ट्रूनॉट व आरटीपीसीआर की जांच रिपोर्ट संकलित होकर सोमवार देर रात मिली। रिपोर्ट में 10 लोग पॉजिटिव मिले। पॉजिटिव मिले लोगों में गौरीगंज ब्लॉक में एसीसी टिकरिया, दरपीपुर व सराय हृदयशाह, जगदीशपुर ब्लॉक में निहालगढ़ में एक ही परिवार के दो लोग तथा इंडोगोल्फ कॉलोनी में एक, मुसाफिरखाना ब्लॉक के रामपुर लोकरी, कोतवाली मुसाफिरखाना, बहादुरपुर के ओदारी व सिंहपुर के इन्हौना निवासी एक लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित क्षेत्र में गठित टीम को बचाव कार्य शुरू करने के साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व सैंपलिंग कराने का आदेश दिया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 3,555 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 3,414 सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 36 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 105 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।