अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में मंगलवार को नौवां भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर अखिलेश पांडेय ने सम्मान समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि देश के सैनिकों की वजह से सभी देशवासी अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि सेना के जवान देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं करते हैं। इस दौरान सात वीर नारियों सहित कुल 10 परिजनों को सम्मानित किया गया। बलिदानियों के आश्रितों में अनार कली पत्नी बलिदानी सिपाही रंजीत सिंह, राम लली माता बलिदानी सिपाही बीरेंद्र सिंह, शैली शुक्ला पत्नी बलिदानी नायक राजीव कुमार शुक्ला, नीलम शुक्ला पत्नी बलिदानी सार्जेंट जय प्रकाश, सुधा पांडेय पत्नी बलिदानी गनर महेंद्र कुमार पांडेय, सुनीता देवी पत्नी बलिदानी नायक यादव राज कुमार दूधनाथ, रागिनी सिंह पत्नी बलिदानी नायक उत्तम सिंह, शिव कुमारी पत्नी बलिदानी गनर राकेश कुमार सिंह, सेना मेडल से सम्मानित कैप्टन अकबाल व नायक जय प्रकाश सिंह के परिजनों का माल्यार्पण कर शाॅल, मोमेंटो व प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैप्टन जितेंद्र कुमार मिश्रा, नायब सूबेदार राम कुमार, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार मिश्रा व अन्य भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।