जलालपुर/राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। दो सड़क हादसों में 24 घंटे के भीतर युवक व अधेड़ की मौत हो गई। जलालपुर में अज्ञात वाहन से कुचलकर ससुराल से लौट रहे बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।
उधर, राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों के परिवारों में रोना-पीटना मचा है।
थाना क्षेत्र जैतपुर के बिशुनपुर ढाखा निवासी सूरज गौड़ (23) रविवार देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। वह जब कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के वाजिदपुर के निकट पहुंचा तो इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इसके चलते उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। सांस चलने की उम्मीद में उसे सीएचसी नगपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि वह रविवार को अपनी ससुराल कबीरपुर गया था। वहीं से वह लौट रहा था। 28 फरवरी को ही उसका विवाह हुआ था।
उधर, राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बिजली पंडौली गांव के निकट सोमवार दोपहर तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल से जा रहे अधेड़ को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित खेत में पहुंच गया। चालक ट्रक को छोड़कर वहां से फरार हो गया।
दुर्गेचीतापुर, थाना राजेसुल्तानपुर निवासी राजाराम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी राजेसुल्तानपुर जेपी सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।