टांडा/हंसवर (अंबेडकरनगर)। प्रसिद्ध महादेवा घाट डुहिया में सरयू नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया। उफनाती नदी के बीच गोताखोरों के जान जोखिम में डालकर किए गए इस सफल प्रयास की नागरिकों ने सराहना भी की।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के नेहरूनगर मोहल्ला निवासी अग्निदेव उर्फ निक्कू (40) मंगलवार को सरयू नदी में स्नान करने के लिए महादेवा घाट गया था। बताया जाता है कि नहाने के दौरान वह नदी की गहराई में चला गया और उसमें डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
तत्काल इसकी सूचना गोताखोरों की टीम को दी गई। उफनाती सरयू नदी के पानी के बीच गोताखोर टीम के कैप्टन सुरेंद्र माझी, अजय, उदयभान, नेबू, प्रवेश, हनुमान आदि ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निदेव के शव को बरामद कर लिया। घटना की जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।