सद्दरपुर(अंबेडकरनगर)। टांडा के सूरापुर निवासी 45 वर्षीय अमरजीत की शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह जूते की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। भाई रामजी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि अमरजीत की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। परिजन पास के गांव में मांगलिक कार्यक्रम में गए हुए थे। स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां करीब आठ बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत होने की पुष्टि हुई है। परिवार में पत्नी नीलम बार-बार बेहोश हो रही हैं, वहीं 13 वर्षीय बेटी नव्या और छह वर्षीय पीहू का रो-रोकर बुरा हाल है।उनकी मौत की खबर सुनकर परिवार के सभी लोग सदमे में हैं। प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।