अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के मरथुआ सरैया महंगीगंज में किराए के कमरे में संदिग्ध हालात में शनिवार को एक युवक का शव लटकता मिला। जानकारी पर अहिरौली पुलिस टीम पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर निवासी सुनील मिश्र महंगीगंज में किराए पर रहकर ई-रिक्शा चलाता है। दो दिन पहले छोटा भाई शनि मिश्र (24) भी यहां आया। बताया जाता है कि शनि के यहां आने पर सुनील किसी काम के सिलसिले में हारीपुर चला गया। शनिवार शाम करीब छह बजे के कमरे शटर लोगों को खुला दिख लेकिन कोई गतिविधि देर तक न दिखने पर आस पास के लोग अंदर गए। वहां शनि का शव लोहे के एंगल के सहारे कपड़े से बंधा लटक रहा था।
जानकारी पर अहिरौली पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष गजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच में पाया गया कि वह नशे का आदती था। इन दिनों नशामुक्ति के लिए दवा का सेवन भी कर रहा था। संवाद