अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र के सिझौलिया गांव में सोमवार को भूमि विवाद में युवक ने अपनी भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। बचाने पहुंची एक अन्य महिला पर भी हमलावर हो गया। इससे दोनों को चोटें आईं। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव निवासी सनोवर (45) का अपने देवर से ही भूमि विवाद चला आ रहा है। सनोवर परिवार के साथ दिल्ली में रहती हैं। एक दिन पहले ही वह गांव पहुंची थीं। आरोप है कि सोमवार को देवर बेलाल, अन्य महिला व उसके परिवार को घर से बाहर निकालने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोप के अनुसार बेलाल ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
गुहार पर उसे बचाने पहुंची अतरुन (36) पर भी वार कर दिया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। चीख पुकार पर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग खड़ा हुआ। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी गई है।