अंबेडकरनगर। जैतपुर थानाक्षेत्र के दिनकरपुर गांव में अधेड़ की बीते दिनों कुल्हाड़ी से हुई हत्या उसके पुत्र ने ही की थी। पुलिस ने फाॅरेंसिक जांच के जरिये घटना का खुलासा करने की सफलता प्राप्त की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दिनकरपुर गांव निवासी अरुण मिश्र उर्फ नन्हे (55) का शव लगभग एक पखवाड़े पहले घर के भीतर चारपाई पर पड़ा मिला था। नन्हे की पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ दिल्ली गई थीं। बड़ा पुत्र अनुराग ही घर पर था, जो मानसिक रूप से परेशान बताया गया। नन्हे के बड़े भाई हरेेंद्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक टीम का सहारा लिया तो युवक के खून का अंश पाया गया। पुलिस टीम ने बताया कि घटना के बाद युवक ने अपना हाथ कायदे से साफ कर लिया था। युवक अपने पिता से इसलिए नाराज था क्योंकि वह उनसे कुछ रकम मांग रहा था। अब फॉरेंसिक जांच में खुलासा होने पर पुलिस ने नन्हे के पुत्र अनुराग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।