अंबेडकरनगर। योग मानसिक शांति की अनुभूति कराने के साथ ही शरीर को भी फिट रखता है। सेहतमंद रहने के लिए नियमित तौर पर योगाभ्यास किए जाने की जरूरत है। यह बात सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर के निकट आयोजित योग प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक हनुमान प्रताप ने कही।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में योग को शामिल करना चाहिए। शिविर में आए ग्रामीणों को हलासन, वृक्षासन, तड़ासन, मंडूक आसन, धनुरासन के अलावा अनुलोम विलोम, कपालभाति, भामरी आसनों का अभ्यास कराते हुए इससे होने वाले फायदों के बारे में भी सभी को जानकारी दी। कहा कि योग से जीवन का पुर्ननिर्माण किया जा सकता है। इसके लिए आसन व प्राणायाम के नियमों का पालन करते हुए उसका अभ्यास करना होगा। इसका प्रभाव जीवन में तभी दिखेगा जब इसका नियमित तौर पर अभ्यास किया जाए। इससे हृदय रोग, पेट रोग, सांस संबंधी बीमारी तथा फेफड़े संबंधी बीमारी को बिना दवा के ही दूर किया जा सकता है।