बलरामपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के सिसई घाट पर मंगलवार को एक महिला घरेलू कलह से आहत होकर राप्ती नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद युवक ने नदी में कूदकर सूझबूझ से महिला को बाहर निकाल लिया और उसकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। विशुनिपुर गांव निवासी 38 वर्षीय सुनीता देवी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे चुपचाप घर से निकलीं। अचानक सिसई पुल से उसने नदी में छलांग लगा दी। उस समय घाट पर मौजूद एक युवक ने शोर मचाया और तुरंत नदी में कूदकर महिला को बाहर निकाल लिया। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण व पास की गोशाला के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सुनीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी तबीयत पिछले आठ वर्षों से खराब है। लंबे इलाज के बावजूद सुधार न होने पर उन्हें ससुराल पक्ष से लगातार ताने और उलाहने झेलने पड़ते हैं। मानसिक दबाव से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। महिला के दो बच्चे हैं। एक 15 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी। उनका मायका नंदनगर ठठिया (थाना गौरा चौराहा क्षेत्र) में है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।