जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। बाजार जा रही महिला को बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
जहांगीरगंज निवासी सूर्यमती (52) शनिवार देर शाम बाजार जा रही थी। बताया जाता है कि पंचायत भवन के निकट जब वह पहुंचीं, तभी विपरीत दिशा से बाइक से आ रहे अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतुआपार निवासी जसवंत ने टक्कर मार दी।
सपा नेता बालगोविंद तिवारी नागरिकों की मदद से घायल महिल को जहांगीरगंज सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि महिला के देवर विनय शर्मा की तहरीर पर बाइक चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।