अंबेडकरनगर। कड़ाके की ठंड के बीच रविवार को निकली धूप से लोगों को कुछ राहत मिली। बाजारों में भी इस बीच चहल पहल दिखी। इस बीच शीतलहरी के चलते बंद चल रहे माध्यमिक स्तर के विद्यालय भी आठ जनवरी सोमवार से खुल जाएंगे। बीते कई दिनों से घने कोहरे, बारिश व सर्द हवा के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया था जिसका आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। बाजारों में भी ज्यादातर समय सन्नाटा ही पसरा रहा जिसके चलते दुकानदारों को भी मुश्किलें उठानी पड़ी।
इस बीच रविवार को सूबह धूप निकली। दिनभर निकली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली। ग्रामीणों ने संबंधित बाजारों में पहुंचकर जरूरी खरीदारी की। इससे अकबरपुर समेत अन्य बाजारों में रौनक दिखी। उधर बीते कई दिनों से ठंड के चलते जिला प्रशासन ने माध्यमिकस्तर तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया था।
रविवार को मौसम साफ होने के चलते अब सोमवार को एक बार फिर से कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। जूनियर स्तर तक के विद्यालयों में 14 जनवरी तक अवकाश शासनस्तर पर घोषित है। इस बीच धूप निकलने से किसानों ने भी राहत की सांस ली। उनका कहना था कि मौसम साफ होने से दलहनी व तिलहनी फसल की उपज बेहतर होगी।