अंबेडकरनगर। जिले की 315 ग्राम पंचायतों के लगभग पांच लाख लोगों को नए वर्ष में पाइपलाइन से साफ पानी मिलने लगेगा। जल जीवन मिशन के तहत 207 ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक निर्माण के साथ ही ट्यूबवेल व पाइपलाइन बिछाए जाने का काम तेजी से चल रहा है। शेष 587 ग्राम पंचायतों में डीपीआर व सर्वे का काम शुरू है।
शहरी क्षेत्र की तरह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक व ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाकर घरों को कनेक्शन दिए जाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि जिले में 902 ग्राम पंचायतें हैं। इसकी तुलना में प्रथम चरण में 207 ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाए जाने का काम तेजी के साथ चल रहा है। ज्यादातर ग्राम पंचायतों में लगभग 40 प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका है।
जल निगम कार्यालय के अनुसार 207 ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक व ट्यूबवेल की स्थापना कर संबंधित गांवों समेत इर्दगिर्द की कुल 315 ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति की जाएगी। ऐसे में लगभग पांच लाख ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
उम्मीद है कि अप्रैल तक सभी जरूरी काम पूरा करने के साथ ही जलापूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी। शेष 587 ग्राम पंचायतों में सर्वे व डीपीआर का काम चल रहा है। शीघ्र ही प्रक्रिया के बाद इन ग्राम पंचायतों में भी निर्माण काम प्रारंभ कर दिया जाएगा।
रसूलपुर दियरा गांव के संतराम व महेश ने कहा कि पेयजल समस्या लंबे समय से बनी हुई है। योजना के तहत जब जलापूर्ति शुरू की जाएगी तो पेयजल समस्या भी दूर हो जाएगी। सरकार की यह योजना अत्यंत सराहनीय है।
मंशापुर के दिनेश कुमार व मनीराम ने कहा कि योजना बहुत ही अच्छी है। इससे शुद्ध पेयजल आसानी के साथ उपलब्ध हो सकेगा। अल्लीपुर कोडरा गांव के रमेश व संदीप तथा नसीरपुर तुलसीपुर के अरुण व गनेश ने कहा कि जब भीषण गर्मी पड़ती है और बारिश कम होती है तो जलस्तर नीचे चला जाता है। ऐसे समय में शुद्ध पेयजल की समस्या खड़ी हो जाती है। योजना के तहत कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। इससे समस्या काफी हद तक समस्या दूर हो जाएगी।
इसके अलावा जल्लापुर साबुकपुर, रुकुनपुर कासिमपुर, कलेशर, मुकुंदपुर, रनीवा करमाजीतपुर, असउवा आजमपुर, होरिलपुर, बहोरिकपुर, बहलोलपुर नेवा, सेमरा नसीरपुर व ताजूपुर के अलावा अन्य गांव के लोगों में भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ गई है।
587 ग्राम पंचायतों में सर्वे व डीपीआर का काम तेजी के साथ किया जा रहा है। इन ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 378 डीपीआर तैयार किए जा रहे हैं। शीघ्र ही इन ग्राम पंचायतों में भी योजना के तहत काम शुरू कर दिया जाएगा।
-सूरज वर्मा, अधिशाषी अभियंता, जलनिगम