जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। शारदा सहायक नहर में पानी बढ़ने किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। पानी का बहाव तेज होने से माइनरों में पर्याप्त पानी पहुंचने लगा है। इससे धान की फसल की सिंचाई को लेकर परेशान किसानों को काफी राहत मिली है।
अकबरपुर विकासखंड के सुल्तानपुर, लोदीपुर, महाए, लालापुर समेत दर्जनों गांवों के किसानों के समक्ष धान की रोपाई कराने के बाद सिंचाई का संकट खड़ा हो गया था। शारदा सहायक नहर में पानी कम छोड़ जाने से माइनरों में नहीं पहुंच रहा था। सिंचाई के अभाव में धान की अगेती फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। ऐसे में किसानों को निजी पपिंग सेट के जरिए सिंचाई करना पड़ रहा था।
किसान शारदा सहायक नहर में अधिक पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि नहर का जलस्तर बढ़ने पर ही माइनरों में पानी पहुंच पाएगा। उनकी मांग पर सिंचाई विभाग ने नहर में अतिरिक्त पानी छोड़ दिया है। इसके बाद माइनरों में पानी पहुंचने लगा। इससे सिंचाई का संकट खत्म हो गया है। किसान रामलखन, बालमुकुंद, रामनिहोर, हरिहर, विनय आदि ने बताया कि माइनरों में पानी पहुंचने से धान की फसल की सिंचाई आसानी से हो सकेगी।