अंबेडकरनगर। अकबरपुर बस स्टेशन परिसर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से जल्द ही अत्याधुनिक वॉशिंग प्लांट की स्थापना की जाएगी। इससे रोडवेज बसों की धुलाई परिसर में ही हो सकेगी। अभी बसों की धुलाई ठेके पर कराई जाती है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अकबरपुर डिपो में कुल 56 बसें हैं।
अकबरपुर डिपो के बेड़े में शामिल 56 बसों की धुलाई स्टेशन परिसर में ही सुनिश्चित कराने के लिए शासन ने ऑटोमैटिक वॉशिंग प्लांट की स्थापना का निर्णय लिया है। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित होने वाले प्लांट के लिए टेंडर की प्रक्रिया बीते दिनों ही पूरी कर ली गई। उम्मीद है कि शीघ्र ही प्लांट की स्थापना कर दी जाएगी। इससे बसों की धुलाई आसानी से हो सकेगी।
गौरतलब है कि अकबरपुर में रोडवेज वर्कशाप तो है लेकिन वहां धुलाई की व्यवस्था नहीं है। बस स्टेशन परिसर में भी धुलाई की व्यवस्था न होने के चलते बसों की साफ-सफाई ठेके पर कराई जाती है। इसके लिए बसों को परिसर से बाहर ले जाना पड़ता है।
मौजूदा समय में बसों धुलाई की समुचित व्यवस्था न होने के चलते अक्सर समस्याओं का सामना यात्रियों को करना पड़ता रहा है। अब जबकि परिसर में ही धुलाई की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी तो इससे एक तो बसों को अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी तो वहीं ऑटोमैटिक धुलाई होने के चलते समय भी कम लगेगा।
पखवाड़े भर के भीतर बस स्टेशन परिसर में ऑटोमैटिक वॉशिंग प्लांट की स्थापना कर दी जाएगी।
-विवेकानंद तिवारी, एआरएम