अंबेडकरनगर। युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर गुरुवार को बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ प्राचार्या प्रो. शुचिता पांडेय ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
प्राचार्या प्रो. शुचिता पांडेय ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। कहा कि उन्होंने समाज को अंधविश्वास, विकृतियों, रूढ़ियों, अशिक्षा व अकर्मण्यता को लेकर हमेशा जागरूक किया।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने युवाओं को विवेकानंद के जीवन दर्शन को पढ़ने की सलाह दी। भाषण प्रतियोगिता में विवेकानंद मिश्र, शफकतजहां, पूजा राय, खुशबू, भारतेेंदु पांडेय व स्वर्णिमा पांडेय ने हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रो. श्वेता रस्तोगी, अनिल कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह व डॉ. शशांक मिश्र आदि मौजूद रहे।