फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: ग्रामीण करते रहे इंतजार, बाहर से लौट गए डिप्टी सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। ग्रामीण गांव में इंतजार करते रह गए। डिप्टी सीएम गांव के बाहर पानी की टंकी के निर्माण स्थल तक आकर ही वापस लौट गए। टांडा तहसील के पिपरी मोहम्मदी गांव में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह लीक कर रही है तो कई जगह टोटियों से पानी भी बूंद-बूंद ही निकल रहा। टोटी के निकट पानी की निकासी के लिए नाली तक नहीं बनायी गई। ग्रामीण यही सब मुश्किलें मंत्री को दिखाने वाले थे लेकिन वे गांव के अंदर तक नहीं गए। इससे ग्रामीणों की तमाम उम्मीदें धरी की धरी रह गईं।
विज्ञापन

योजनाओं के स्थलीय सत्यापन के लिए मंत्रियों द्वारा अक्सर गांव के दौरे लगाए जाते हैं। इसका एक उद्देश्य यह होता है कि दौरे से पहले ही लगभग सभी तरह की गड़बड़ी दूर हो जाती है। दूसरा यह होता है कि गांवों में लोगों से सीधे मिलने पर कई तरह के जरूरी फीडबैक मिल जाते हैं। बुधवार को डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर पिपरी मोहम्मदी गांव के ग्रामीणों ने भी ऐसी ही उम्मीद लगा रखी थी। मंत्री को यहां जल जीवन मिशन योजना का जायजा लेना था।
ग्रामीण इस तैयारी में थे कि मंत्री गांव में आएंगे तो उन्हें योजना के तहत की गई मनमानी को दिखाया जाएगा। गांव की राजकुमारी ने बताया कि जो पाइपलाइन बिछाई गई है वह अभी से लीक करने लगी है। बाल्टी भरने में काफी देर लगती है। गांव की शांति ने बताया कि एक दिन पहले ही आपूर्ति शुरू हुई है। पानी ठीक से नहीं आ रहा है। मंत्री को दिखाने के लिए ही हड़बड़ी में प्रक्रिया अपनाई गई है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अभी पानी की टंकी नहीं बन पायी है। सीधे पंप से पानी दिया जा रहा है। ग्रामीणों की यह भी शिकायत थी कि जहां पर पानी की टोटी लगाई गई है वहां जल निकासी के लिए नाली नहीं बनी है। इससे कई जगह जलभराव की स्थिति बन रही है।
विज्ञापन

ग्रामीण इन सब शिकायतों को मंत्री से बताने की तैयारी में थे लेकिन मंत्री जी गांव के भीतर ही नहीं गए। वे गांव के बाहर पहुंचे। वहां पानी की टंकी के निर्माण स्थल पर अधिकारियों से योजना की जानकारी हासिल की। वहां उन्हें प्रगति के बारे में बताया गया। डिप्टी सीएम ने घर घर व्यवस्थित ढंग से पानी पहुंचाने तथा सभी कार्य को अविलंब गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाने का निर्देश दिया। इसके बाद वे वापस लौट गए।

रातों रात बनाई सड़क, नहीं चढ़े मंत्री
डिप्टी सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने रातों रात पिपरी मोहम्मदी गांव के भीतर जाने वाली सड़क को पिच कर दिया। आनन-फानन सड़क का निर्माण होने से उसकी गुणवत्ता भी तय नहीं हो पायी। मंत्री को खुश करने के लिए सरकारी धन का यहां दुरुपयोग ही अधिक नजर आया। क्योंकि निर्माण के साथ ही सड़क उखड़ने लगी। कई जगह पैच लगा दिया गया तो कहीं सिर्फ लेपन कर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण के नाम पर इस तरह से पैसे की बर्बादी करने से अच्छा होता कि मंत्री के जाने के बाद सड़क का विधिवत निर्माण कराया जाता। प्रशासन ने भले ही रातों रात सड़क का निर्माण करा डाला लेकिन मंत्री इस सड़क की तरफ गए ही नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें