चार महिलाओं सहित 11 पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र कटका के रतना गांव में सोमवार देर शाम पुराने छप्पर की मरम्मत कर रहे ग्रामीण व उसकी पुत्री पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला दिया। बीचबचाव करने पहुंची बहू की भी पिटाई कर उसके आभूषण छीन लिए। घायल ग्रामीण का उपचार सेमरा रफीगंज सीएचसी में चल रहा है जबकि पुत्री को गंभीर दशा में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चार महिलाओं सहित 11 पर केस दर्ज किया है।
रतना गांव निवासी निन्हा के मुताबिक वर्षों पहले बनाए गए छप्पर की वह अपनी पुत्री चंद्रकला के साथ मरम्मत कर रहे थे। इस बीच विपक्षी रामफेर, मनोज, राहुल, रामप्रसाद, संजय, मिथुन, सौरभ, अनीता, मनीता, रंजन व अनुपम गोलबंद होकर हमलावर हो गए। वह जब तक कुछ समझ पाता तब तक उसे पीट कर लहुलूहान कर दिया गया। उसकी पुत्री चंद्रकला ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उसे भी पीट दिया। बहू लीलावती ने बचाव का प्रयास किया तो उसकी भी पिटाई कर गले में मौजूद सोने की चेन, कान का झाला व अन्य आभूषण छीन लिए।
पिटाई से गंभीर रूप से घायल चंद्रकला को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घायल निन्हा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है