अंबेडकरनगर। पुलिस कस्टडी के बीच प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ की हत्या को लेकर जिले की पुलिस भी सतर्क रही। कहीं पर किसी तरह की प्रतिकूल स्थिति न उत्पन्न हो इसके लिए अकबरपुर नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी। अधिकारी भी अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाकों पर विशेष नजर रही।
माफिया अतीक व उसके भाई की शनिवार रात हुई हत्या के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं हैं। पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था को और चाक चौबंद कर दिया गया। देर रात से ही पुलिस टीम की संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई। रविवार दिन में अकबरपुर तहसील तिराहा, रोडवेज क्षेत्र पटेलनगर तिराहा, शहजादपुर लोहिया चौक, दोस्तपुर रोड, पहितीपुर रोड व जलालपुर व मालीपुर रोड पर मुस्तैद नजर आई। लोरपुर क्षेत्र में भी पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
टांडा व जलालपुर नगर सहित बसखारी, हीरापुर, हंसवर समेत अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस टीम सतर्क दिखी। सीओ सदर सुरेश कुमार मिश्र सहित अन्य सर्किल के सीओ अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते नजर आए। एएसपी संजय कुमार राय ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने का निर्देश है। चुनाव व ईद पर्व को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।