आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकास खंड क्षेत्र रामनगर के ग्राम पंचायत अधिकारी को आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी न देना भारी पड़ गया। राज्य सूचना आयुक्त ने 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वेतन से राशि की कटौती के लिए सीडीओ को पत्र भेजा है।
ग्राम पंचायत सैदपुर रसीदपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव ने आरटीआई के तहत ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों से जुड़े पांच बिंदुओं की सूचना मांगी थी। कई बार पत्राचार के बावजूद जानकारी नहीं उपलब्ध कराई गई।
इसके बाद प्रमोद ने पूरे मामले की शिकायत राज्य सूचना आयोग में दर्ज कराई। राज्य सूचना आयुक्त ने सूचना उपलब्ध कराने के लिए वीडीओ सैदपुर रसीदपुर को निर्देशित किया।
आयुक्त के निर्देश के बावजूद सूचना नहीं उपलब्ध कराई गई। इस पर राज्य सूचना आयुक्त ने संबंधित वीडीओ पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए वेतन से कटौती के लिए सीडीओ को पत्र भेज दिया है।