अंबेडकरनगर। राजकीय एकलव्य खेल स्टेडियम में गुरुवार को तीन दिवसीय जी-20 ओपन स्टेट आमंत्रण पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।पहले दिन दो मुकाबले हुए। उद्घाटन मुकाबला वाराणसी हास्टल की टीम जीतने में सफल रही तो दूसरा मुकाबला अंबेडकरनगर के नाम रहा।
मुख्य अतिथि डीएम अविनाश सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की सलाह दी। कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए सुनहरा भविष्य है। खेल के जरिए व्यक्ति अपने जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन करता है।
विशिष्ट अतिथि सीडीओ अनुराज जैन ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी प्रयास हो रहे हैं। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को शामिल होने का मौका मिलेगा।
हॉकी संघ जिला सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने कहा कि बीते दिनों खेल निदेशक से मुलाकात कर उन्हें दिए गए पत्र के क्रम में इस आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जिले को मिली है। इसका खूब लाभ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मिल सकेगा। जिला खेल अधिकारी शीला भट्टाचार्य ने भरोसा दिलाया कि प्रतियोगिता बेहतर ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
उधर शुभारंभ के बाद पहला उद्घाटन मैच वाराणसी हास्टल व आजमगढ़ मंडल के बीच खेला गया। चार क्वार्टर में खेले गए मैच में वाराणसी की टीम दो गोल व आजमगढ़ की टीम एक गोल ही कर सकी। इसके साथ ही वाराणसी की टीम ने उद्घाटन मैच जीत लिया।
दूसरा मैच अयोध्या व अंबेडकरनगर के बीच हुआ। चार क्वार्टर में खेले गए मैच में दोनों टीमें बराबर पर रहीं। स्टोक के माध्यम से परिणाम घोषित हुआ। अंबेडकरनगर ने पांच स्टोक लगाकर मैच जीत लिया।
निर्णायक की भूमिका में नेशनल हॉकी अंपायर उपेंद्र चौहान व मुसीर आलम रहे। इस मौके पर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा, डीआईओएस अवध किशोर सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशुतोष सिंह, कार्यक्रम संचालक विजयचंद्र मिश्र, विभा सिंह, हाजी अरशद व गिरिजा शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।