अंबेडकरनगर। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव की शनिवार को इमरजेंसी ड्यूटी लग गई। इसके चलते जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच ठप हो गई। इससे दूरदराज के क्षेत्र से जिला अस्पताल में निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच कराने की उम्मीद में पहुंचे 35 से अधिक मरीजों व तीमारदारों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
अखंडनगर से आए संजय कुमार ने बताया कि करीब पखवाड़े भर पहले उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की तिथि मिली थी। किसी तरह से शनिवार को अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि आज अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाएगा। इससे काफी कष्ट हुआ। बताया कि निशुल्क जांच की उम्मीद आया था।
ऐसे में यदि अब बगैर जांच कराए जाता हूं तो तब भी करीब 200 से 250 रुपये किराए के रूप में खर्च पैसा बर्बाद हो जाएगा। अब उन्हें मजबूरी है कि किसी निजी पैथालॉजी में ही जांच कराऊं। समैसा से आईं बिंदू पाल अल्ट्रासाउंड न होने से परेशान थीं। बताया कि करीब 20 दिन के इंतजार के बाद नंबर आया और जब आज जांच के लिए पहुंची तो पता चला कि जांच हो पाना संभव नहीं है।
रविवार होने की वजह से कल छुट्टी रहेगी। ऐसे में अब उन्हें सोमवार को दोबारा आने के लिए विवश होना पड़ेगा। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि स्टॉफ संकट के चलते समस्या हुई। जल्द ही इसके समाधान का प्रयास चल रहा है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।