कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अहिरौली क्षेत्र में रेलवे लाइन के निर्माणाधीन अंडरपास में भरे पानी में रविवार को नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। हादसे की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने दोनों को पानी से निकाला और सीएचसी कटेहरी ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
यह हादसा अटवाई गांव के निकट हुआ। अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरवन के मजरे रज्जूपुर महावत का पूरा निवासी अरशद अली (18) और फिरदौस (21) रविवार को पड़ोसी के अटवाई के निकट रेलवे के निर्माणाधीन अंडरपास के पास गए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के चलते अंडरपास में काफी पानी जमा हो गया है। अरशद अंडरपास में नहाने के लिए उतर गया।
गहराई ज्यादा होने के चलते वह डूबने लगा। साथी को डूबते देख उसे बचाने के लिए फिरदौस भी पानी में उतर गया। करीब 18 फीट गहरे अंडरपास के पानी में दोनों युवक डूब गए। इस हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग जमा हाे गए। उन्होंने दोनों युवकों का बाहर निकला और सांस चलने की उम्मीद में परिजन उन्हें लेकर कटेहरी सीएचसी पहुंंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रेलवे प्रशासन पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
इस हादसे को लेकर ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन अंडरपास के पास सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरीकेडिंग करवानी चाहिए थी। रेलवे प्रशासन की लापरवाही के चलते दो युवकों की जान चली गई। उधर कटेहरी विधायक लालजी वर्मा ने कटेहरी सीएचसी पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बधाया।