बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र बसखारी में हुए दो अलग-अलग मार्ग हादसों में बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। एक हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरे हादसे में महिला के देवर को चोटें आईं हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद दोनों शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया।
स्थानीय हरैया बाइपास के निकट हथिनाराज निवासी अब्दुल कलाम व उनकी पत्नी मेहताब अकबरपुर की तरफ से आ रहे ट्रेलर ने चपेट में आ गईं। ट्रेलर में फंसकर बाइक करीब 50 मीटर दूर घिसटती चली गईं। इसके बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग निकला। जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अब्दुल कलाम के दोनों पैर हादसे में कट गए। एंबुलेंस से दोनों को स्थानीय सीएचसी ले जाया गया जहां महिला को मृतक घोषित करने के बाद कलाम को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जाता है कि कलाम के पुत्र का विवाह 8 मई को है। उसी की तैयारी के लिए वे दोनों टांडा गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।
उधर थाना क्षेत्र सम्मनपुर के सरदिलपुर गांव निवासी गुड्डन देवी (22) पत्नी सोनू बृहस्पतिवार को अपने देवर कुंदन के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थीं। अकबरपुर बसखारी मार्ग पर रुद्रपुर भगाही के किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे गुड्डन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कुंदन घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गुड्डन को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद कुंदन को छुट्टी दे दी गई। बाद में अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।