अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के सुईडीह गांव में भूमि विवाद में रविवार सुबह दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे व कुल्हाड़ी चले। इसमें दोनों पक्षों के आठ लोगों को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने कोतवाली में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज छानबीन शुरू कर दी है।
गांव निवासी वशिष्ठ व रामइंदर के बीच एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रविवार सुबह इसे लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी के बीच लाठी9डंडे चलने लगे। आरोप है कि एक पक्ष ने कुल्हाड़ी का भी प्रयोग किया। आसपास मौजूद लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
मारपीट में दोनों पक्षों के आठ लोगों को चोटें आईं। इसमें एक पक्ष के वशिष्ठ पांडेय (30), प्रेमलता (60), हनुमान पांडेय (62), विवेक (27) जबकि दूसरे पक्ष के रामइंदर (50), मनीष (28), अनीस (24), दीपक (17) को चोटें आईं।