अंबेडकरनगर। रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। लगभग एक सप्ताह तक रूट डायवर्जन के बाद अब 27 मार्च से एक बार फिर से करीब दो दर्जन ट्रेनें अकबरपुर होकर चलने लगेंगी। इससे यात्रियों को घंटों भटकने से छुटकारा मिल जाएगा। कई दिनों से यात्री अलग-अलग शहरों को जाने के लिए परेशान हो रहे थे।
रेल ट्रैक के दोहरीकरण के चलते अकबरपुर से होकर गुजरने वाली 28 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया था। यह डायवर्जन 19 मार्च से हुआ था। इससे यात्रियों को विभिन्न मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। सबसे अधिक दिक्कत दिल्ली, गुजरात, मुंबई, बिहार व कोलकाता समेत अन्य शहरों को जाने के लिए यात्रियों को हो रही थी।
कई यात्रियों के आरक्षित टिकट रद्द कराना पड़ा। यात्रियों का कहना था कि एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेनें का रूट डायवर्ट करने के बजाय कुछ का तो संचालन करना ही चाहिए था।
इस बीच रेल यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। सोमवार से एक बार फिर से डायवर्ट ट्रेनें अकबरपुर से होकर गुजरेंगी। निर्धारित समय पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की मुश्किलें दूर हो जाएंगी। लगभग सुनसान पड़े मालीपुर, अकबरपुर व कटेहरी रेलवे स्टेशन एक बार फिर से गुलजार हो जाएंगे।
दून एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, गंगा-सतलज एक्सप्रेस, ओखा-गोहाटी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों का रूट डायवर्जन था। अब इन ट्रेनों के फिर से चलने पर यात्रियों को दूरदराज के शहरों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का रूट डायवर्जन था। सोमवार 27 मार्च से एक बार फिर से सुचारू रूप से इनका संचालन प्रारंभ हो जाएगा। इससे यात्री गंतव्य तक आसानी के साथ जा सकेंगे।
-जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, अकबरपुर