अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला रविवार को 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ। इसमें 1648 मरीजों ने उपचार कराया। 113 पात्रों ने गोल्डन कार्ड बनवाया। कोविड के साथ ही हेपेटाइटिस बी व सी की जांच के लिए भी लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
जन आरोग्य मेले के आयोजन में स्वास्थ्य विभाग ने 95 चिकित्सक व 152 पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती की थी। मेले में 745 पुरुष, 649 महिला व 254 बच्चों ने जांच व उपचार कराया। इस दौरान 130 लोगों ने कोविड जांच, 44 ने हेपेटाइटिस बी, 53 ने हेपेटाइटिस सी, 32 ने नेत्र परीक्षण, 132 ने बुखार, 34 ने मलेरिया, 35 ने डेंगू, 218 ने लिवर व गैस के 217 मरीजों ने जांच कराने के बाद दवाएं लीं।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने नगरीय स्वास्थ्य केंद्र मोहसिनपुर मंसूरपुर का निरीक्षण किया। वहां चिकित्सकों की टीम ने आयुर्वेदिक के 16 व एलोपैथ से जुड़े 18 मरीजों का उपचार किया था। सीएमओ ने दवाओं के स्टॉक, मरीजों के बैठने व अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी।
जन आरोग्य मेले के प्रभारी डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि सभी 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर सुचारु रूप से मेले का आयोजन किया गया। लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है जिससे लोग इसका बढ़-चढ़कर लाभ उठा सकें।