अंबेडकनगर। अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखते हुए रविवार से अयोध्या की तरफ बड़े वाहनों का प्रवेश रुक गया। सात अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर अयोध्या जाने वाले तीन मार्गों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। डीएम व एसपी ने भी बैरियरों पर पहुंचकर प्रबंध का जायजा लिया। इस बीच राहत की एक खबर यह रही कि यात्रियों की सुविधा के लिए 20 जनवरी तक सिर्फ निगम की बसों को अयोध्या व लखनऊ समेत कानपुर व दिल्ली तक जाने की छूट प्रदान कर दी गई। इससे यात्रियों ने बड़ी राहत महसूस की।
अयोध्या में कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने में सहयोग प्रदान करने के लिए अंबेडकरनगर जिले में प्रशासन व पुलिस की टीम रविवार को और अलर्ट पर दिखी। पहले से तय कार्ययोजना के अनुसार भीटी, अहिरौली व इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र में कुल आठ स्थानों पर बैरियर सक्रिय हो गए। यहां तैनात पुलिसकर्मियों ने भारी वाहनों को अयाेध्या की तरफ जाने से रोक दिया। इससे कई चालकों, परिचालकों व अन्य लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भेजा गया।
डीएम अविनाश कुमार सिंह व एसपी डॉ. कौस्तुभ ने भी कई बैरियर का जायजा लिया। दोनों अधिकारी इससे पहले अकबरपुर बस स्टेशन पहुंचे जहां अयोध्या जाने वाले यात्री परेशान दिखे। दरअसल निगम बसों का भी रविवार से अयोध्या की तरफ प्रवेश रोक दिया गया था। इस बीच यहां पहुंचे अधिकारियों ने अयोध्या के अधिकारियों से वार्ता की। तय हुआ कि 20 जनवरी तक बसों को अयोध्या होकर जाने की छूट दे दी जाए।
इसके बाद बसों को अयोध्या होकर अन्य शहरों के लिए रवाना किया गया। वहां मौजूद यात्रियों ने इस पर खुशी का इजहार किया। सभी यात्री रामभजन सुनते हुए अयोध्या व आगे की तरफ रवाना हुए। कई यात्रियाें ने जयश्रीराम के नारे भी लगाए। इस बीच रविवार से निजी बसें, ट्रक, ट्रेलर तथा पिकअप वाहन आदि को रोक दिया गया।
20 से लगेंगे ड्रोन कैमरे
एसपी डॉ कौस्तुभ ने बताया कि 20 जनवरी से सभी तरह के वाहन अयोध्या की तरफ जाने से रोके जाएंगे। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसलिए 20 जनवरी से ड्रोन कैमरों का भी प्रयोग होगा। सरयू नदी में नाव के जरिए रखी जाएगी, जिससे जल मार्ग से भी कोई अनधिकृत व्यक्ति अयोध्या की तरफ प्रवेश न करने पाए।
बनाई गई हेल्पडेस्क
रूट डायवर्जन व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर यात्रियों को जानकारी देने के लिए अकबरपुर बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क की स्थापना कर दी गई है। एआरएम सीवी राम ने बताया कि यहां दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। वे यात्रियों को यह बताएंगे कि 20 से 22 जनवरी तक बस अयोध्या होकर नहीं जाएगी। एआरएम ने बताया कि 18 जनवरी को 15 बसें पुलिस ड्यूटी के लिए बनारस व मिर्जापुर भेजी जा रही हैं।