फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: पटरी पर लौटीं ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत

Tue, 28 Mar 2023 12:28 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ट्रेनों का इंतजार करते यात्री। -संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। करीब एक सप्ताह बाद सोमवार को रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली। लगभग दो दर्जन ट्रेनों का संचालन शुरू होने से अकबरपुर स्टेशन एक बार फिर गुलजार होता दिखा। यात्रियों ने कहा कि रेल ट्रैक के दोहरीकरण के लिए ट्रेनों का संचालन अब आगे पूरी तरह ठप करने के बजाय कुछ-कुछ घंटे के लिए रोकना चाहिए।
विज्ञापन





अकबरपुर से होकर दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ा था। सुबह व शाम के समय ही इक्का-दुक्का ट्रेन का आवागमन हो रहा था। इससे यात्रियों को ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।



26 मार्च तक ट्रेनों का रूट रेल ट्रैक के दोहरीकरण के चलते डायवर्ट कर दिया गया था। यह डायवर्जन रविवार आधी रात के बाद फिलहाल समाप्त हुआ तो यात्रियों को बड़ी राहत मिली।
विज्ञापन




सोमवार से अकबरपुर स्टेशन एक बार फिर यात्रियों के चहल-पहल से गुलजार हो गया जो पिछले आठ दिन से सन्नाटे में डूबा था। लखनऊ, वाराणसी, बिहार, कोलकाता, नई दिल्ली व कानपुर आदि शहरों तक जाने के लिए पहुंचे यात्रियों ने सोमवार को काफी राहत महसूस की।



यात्रियों का कहना रहा कि आगे यदि रेल ट्रैक के दोहरीकरण के लिए काम कराया जाए तो ट्रेनों का आवागमन दिनभर ठप करने के बजाय कुछ-कुछ घंटे के लिए किया जाए। इससे यात्रियों को ज्यादा मुश्किलें नहीं होंगी।






ट्रेनों के फिर से अकबरपुर से होकर गुजरने के चलते टिकट आरक्षण के लिए यात्रियों का स्टेशन पर पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। एक सप्ताह तक सिर्फ आरक्षित टिकट को निरस्त कराने के लिए ही लोग पहुंच रहे थे। इस बीच सोमवार को बड़ी संख्या में लोग टिकट आरक्षित कराने के लिए अकबरपुर स्टेशन पहुंचे।



सुबह से ही टिकट खिड़की पर लंबी लाइन में लग गए। इनमें गुजरात, मुंबई, कोलकाता व दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही। रामजी व इमरान ने कहा कि दिल्ली जाने के लिए टिकट आरक्षित कराने के लिए लाइन में लगे हैं।








उत्सर्ग एक्सप्रेस, लोकनायक एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, पटना-कोटा एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, कैफियात एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, पटना-इंदौर एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, गंगा-सतलज एक्सप्रेस का संचालन सोमवार से सुचारु रूप से प्रारंभ हो गया। हालांकि साबरमती अप व डाउन एक्सप्रेस का रूट अभी भी डायवर्ट है।








राजेसुल्तानपुर निवासी राहुल झारखंड जाने के लिए अकबरपुर स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन के संचालन से राहत की सांस लेते हुए कहा कि शुक्रवार को भी आए थे लेकिन जानकारी मिली कि ट्रेनों का संचालन नहीं हो रहा है। इस पर आरक्षित टिकट निरस्त कराना पड़ा था। अब साधारण टिकट से यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। कहा कि गंगा-सतलज ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।







दिल्ली जाने के लिए अकबरपुर स्टेशन पहुंचे बसखारी निवासी रामजियावन ने कहा कि कैफियात एक्सप्रेस से दिल्ली जाना है। वैसे तो हमें पहले ही जाना था लेकिन ट्रेन का संचालन न होने से नहीं जा पा रहे थे। 27 मार्च का टिकट तत्काल में निकलवाया था। इससे पहले जो टिकट आरक्षित कराया था उसे निरस्त कराना पड़ा था। इससे आर्थिक चपत लगी थी।







जिन ट्रेनों का रूट डायवर्जन था, उनमें से एक जोड़ी को छोड़कर अन्य ट्रेनों का संचालन सोमवार से प्रारंभ हो गया है। सभी ट्रेनों के बेहतर ढंग से संचालन से यात्रियों को राहत मिली है।
विज्ञापन

-जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, अकबरपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें