बसखारी (अंबेडकरनगर)। भाजपा के एक मात्र नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमकार गुप्त 27 मई को नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में शपथ लेंगे। इससे पहले सरयू नदी के पवित्र जल से पूरे नगर पंचायत कार्यालय का शुद्धिकरण व हवन-पूजन होगा। यहां 17 सभासद भी अध्यक्ष के साथ शपथ लेंगे। मुख्य अतिथि के तौर पर जिले के प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव के पहुंचने की उम्मीद है।
सत्तारूढ़ दल ने किछौछा के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। समारोह में प्रभारी मंत्री के अलावा दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मनीष गुप्त के भी आने की संभावना है। इसके अलावा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, डीएम अविनाश सिंह व एसपी अजीत कुमार सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह नई बस्ती रोड स्थित भाजपा कैंप कार्यालय में होगा। शपथ से पहले नगर पंचायत कार्यालय को भगवा रंग से रंगा गया है। नए अध्यक्ष के प्रवेश से पहले इस कार्यालय का एक टैंकर पवित्र सरयू जल से शुद्धिकरण होगा। यहां पिछले तीन बार से बसपा नेता रहे गौस अशरफ की पत्नी शबाना खातून अध्यक्ष होती रही हैं। इस बार भी वे मैदान में थीं, लेकिन पराजित हो गईं।