अंबेडकरनगर। ढाई दशक पहले अंबेडकरनगर जिले के गठन की याद 28 सितंबर से शुरू हो रहे दो दिवसीय जनपद स्थापना दिवस महोत्सव में फिर से ताजा होगी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बुधवार दोपहर बाद महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही दो दिन तक लगातार विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। महोत्सव को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
29 सितंबर 1995 को तत्कालीन फैजाबाद जनपद को विभक्त कर अंबेडकरनगर नाम से नए जनपद की स्थापना उस समय मुख्यमंत्री रहीं मायावती ने की थी। स्थापना के बाद से जिले का विकास तो तेजी से हुआ, लेकिन स्थापना दिवस महोत्सव मनाने की तरफ ध्यान शासन या फिर स्थानीय प्रशासन की तरफ से नहीं दिया गया। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देश पर जिलों में स्थापना दिवस समारोह मनाने का क्रम शुरू हुआ है। इसी के चलते जिला प्रशासन ने दो दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया है।
इसकी शुरूआत 28 सितंबर को सुबह साढ़े सात बजे शहजादपुर फव्वारा तिराहे से मैराथन दौड़ प्रतियोगिता से होगी। इसी दिन सुबह दस से दोपहर एक बजे तक लोहिया भवन में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम करीब चार बजे डिप्टी सीएम हवाईपट्टी पर मुख्य समारोह का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद पीएसी बैंड के कार्यक्रम, लेजर शो तथा स्वराज बैंड की प्रस्तुति होगी। मुख्य कार्यक्रम 29 सितंबर की शाम को होना है। इसमें प्रसिद्ध कॉमेडियन राजन श्रीवास्तव, लोक गायिका मालिनी अवस्थी व वॉलीबुड नाइट की कलाकार आकांक्षा शर्मा मुख्य रूप से प्रस्तुति देंगी। पहले दिन प्रसिद्ध बांसुरी वादक मुकेश प्रजापति भी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह की तैयारियों को मंगलवार को डीएम सैमुअल पॉल एन की मौजूदगी में अंतिम रूप दिया गया।