अंबेडकरनगर। विश्व क्षयरोग दिवस के मौके पर शुक्रवार को जिले में विविध आयोजन हुए। इसमें रोग के लक्षण व उससे बचाव के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य आयोजन सुंंदरलाल रामा कॉलेज ऑफ नर्सिंग राहुलनगर अकबरपुर में हुआ। इसमें क्षय के 10 रोगियों को गोद लिया गया।इसके साथ ही उनमें पोषण सामग्रियों का वितरण भी किया गया।
नर्सिंग कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि वर्ष 2025 में भारत को टीबीमुक्त बनाने का प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने को लेकर शत-प्रतिशत योगदान दें।
उन्होंने क्षयरोग के लक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि समय पर इलाज कराने पर मरीज को क्षय रोग से मुक्ति मिल जाती है। ऐसे में हम सभी को चाहिए कि यदि कहीं कोई क्षय रोग से पीड़ित मिले तो उसका बेहतर ढंग से इलाज कराएं। सभी सरकारी अस्पतालों में क्षय रोग की दवाएं उपलब्ध हैं।
नर्सिंग कॉलेज की निदेशक डॉ. जयंती चौधरी ने बताया कि क्षय के 10 रोगियों को गोद लिया गया है। उनमें पोषण सामग्री का वितरण प्रत्येक माह तब तक किया जाएगा जब तक वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाएंगे। इसके साथ ही क्षय रोग से बचाव को लेकर समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा व क्षयरोग अधिकारी डॉ. एमएच सिद्दीकी ने कहा कि जागरूकता से ही जिले, प्रदेश व देश को क्षयरोग से मुक्त किया जा सकता है।
इस दौरान चेयरमैन डॉ. उमेश चौधरी, प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, ऋषि पांडेय, रविमनि चौधरी आदि मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में भी विविध आयोजन हुए। गोष्ठी के माध्यम से लोगों को क्षयरोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।