अंबेडकरनगर। मदरसों का सर्वे करने के लिए बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छोटेलाल गौतम के नेतृत्व में टीम ने जलालपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान तीन मदरसे बगैर मान्यता के संचालित मिले। अधिकारी ने मदरसा संचालित संबंधित पत्रावलियों को विधिवत खंगाला।
बीते दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मदरसों का सर्वे किए जाने व उसकी रिपोर्ट शासन को भेजे जाने का निर्देश दिया था। शासन के दिशा-निर्देश पर जिले में एसडीएम, बीएसए व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की टीम का गठन जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने किया है। साथ ही टीम को निर्देशित किया कि वे शीघ्र सर्वे का कार्य पूरा करें। इसी क्रम में बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छोटेलाल गौतम ने जलालपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में संचालित तीन गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे किया। इसमें मदरसा फैजाने शराहे बुखारी काजीपुरा, मदरसा गौसिया मार्फतुल कुरान सराय चौक व मदरसा सिद्दीकिया बाबुल उलूम शामिल रहे।
यह सभी मदरसे संचालित तो थे लेकिन मान्यता नहीं थी। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने इन तीनों मदरसों के संचालन संबंधित पत्रावलियों का सघनता से निरीक्षण किया। इसके साथ ही कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने मदरसे में पढ़ रहे बच्चों से कुछ सवाल भी किए। साथ ही मदरसे की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारी ने बताया कि सर्वे का कार्य तेजी से चल रहा है। पूरा होने के बाद समुचित रिपोर्ट डीएम के माध्यम से शासन को भेज दी जाएगी। इसके बाद शासन के दिशा निर्देशानुसार ही जरूरी कदम उठाया जाएगा।