अंबेडकरनगर। अहिरौली पुलिस ने एक साल पहले सीतापुर शहर के रोडवेज बस स्टैंड से चोरी हुई मोटरसाइकिल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी बुधवार को टीम के साथ गोपालपुर पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कटेहरी बाजार की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बाइक पर सवार तीन युवकों को रोका गया। जांच में बाइक का चेसिस नंबर खुरचा हुआ मिला। पूछताछ में युवकों की पहचान जनपद गोंडा के कोतवाली देहात क्षेत्र के उजैनी जमाल निवासी तसलीम उर्फ आरिम, सलमान और जमदरा निवासी अनवर अली के रूप में हुई। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर संपर्क करने पर असली मालिक अंकित कुमार कश्यप (निवासी बड़गांव, गोंडा) ने बताया कि वह बाइक उसके पास ही है। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह बाइक उन्होंने करीब एक साल पहले सीतापुर से चोरी की थी और तभी से उसका उपयोग कर रहे थे। तीनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।