अंबेडकरनगर। जिले के 36 गोआश्रय स्थलों पर अब भूसे की कमी नहीं होगी। कार्यदायी संस्था अब जरूरत के अनुसार गोआश्रय स्थलों तक भूसा पहुंचाएगी। इसके लिए बीते दिनों जेम पोर्टल पर टेंडर खुला था। पांच फर्माें ने आवेदन किया था। 1038 रुपये प्रति क्विंटल की बोली लगाने वाली यश ट्रेडर्स राजेपुर पूरा बाजार अयोध्या को एक वर्ष के लिए टेंडर दे दिया गया।
गो आश्रय स्थलों पर अकसर भूसा खत्म हो जाता है। इससे पशुओं के लिए चारे की समस्या खड़ी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए ही बीते दिनों शासन ने निर्णय लिया था कि अब भूसा की उपलब्धता फर्म के माध्यम से कराई जाएगी। मालूम हो कि जिले में कुल 36 गोआश्रय स्थल हैं। इसमें 32 अस्थायी तथा चार स्थायी स्थल हैं। इनमें लगभग पांच हजार मवेशी हैं। इन्हें ही भूसा उपलब्ध कराने के लिए बीते दिनों टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई थी। भूसा उपलब्ध कराने के लिए यश ट्रेडर्स राजेपुर पूराबाजार अयोध्या, गायत्री फूड्स प्राइवेट लिमिटेेड हाथरस, एमएस शुक्ला इंटर प्राइजेज रानीबाजार अयोध्या, भंसाली ऑटो होंडा ताल्लुका रहटा महाराष्ट्र व ओम इंटर प्राइजेज जनौरा अयोध्या ने ऑनलाइन आवेदन कियाा। सबसे कम 1038 रुपये प्रति क्विंटल की बोली लगाने वाले यश ट्रेडर्स को भूसा स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
दूर होगी समस्या
गोआश्रय स्थल पर फर्म द्वारा अब भूसा पहुंचाए जाने से समस्या दूर हो जाएगी। सभी पशु आश्रय स्थलों पर प्रतिवर्ष लगभग 40 हजार क्विंटल भूसे की जरूरत पड़ती है। पूर्व में संबंधित गांव के ग्राम प्रधान व सचिव संयुक्त रूप से भूसे की उपलब्धता आश्रयस्थलों को कराते थे। कभी भूसे का दाम अधिक होने तो कभी अन्य कारणों से आश्रय स्थल तक या तो भूसा पहुंचता नहीं था या फिर कम पहुंचता था। अब जबकि रेट फिक्स हो गया है और फर्म भी नामित हो गई तो ऐसे में भूसे की समस्या दूर हो जाएगी।
फर्म पहुंचाएगी भूसा गोआश्रय स्थल तक भूसा पहुंचाने के लिए यश ट्रेडर्स राजेपुर पूराबाजार को नामित किया गया है। अब इसके द्वारा ही स्थलों पर भूसा पहुंचाया जाएगा।
- डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह, जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी