अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पसरा सन्नाटा।
अंबेडकरनगर। लगभग डेढ़ दर्जन ट्रेन के रूट डायवर्जन के चलते मंगलवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। इससे न सिर्फ अकबरपुर रेलवे स्टेशन बल्कि स्टेशन से बाहर स्थित दुकानों पर भी सन्नाटा रहा। इससे संबंधित दुकानदारों की आय में बीते दिनों की तुलना में कमी हुई। इस बीच मंगलवार को भी 28 आरक्षित टिकट यात्रियों ने निरस्त कराया।
अकबरपुर वाराणसी मार्ग स्थित शाहगंज में निर्माण कार्य के चलते लगभग डेढ़ दर्जन ट्रेन का रूट डायवर्जन कर दिया गया है। जानकारी न होने पर सोमवार को बड़ी संख्या में यात्री अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। हालांकि मंगलवार को लगभग सन्नाटा पसरा रहा। इक्कादुक्का यात्री ही रेलवे स्टेशन पहुंचे।
इस बीच ट्रेनों के रूट डायवर्जन का प्रतिकूल प्रभाव अब रेलवे स्टेशन के आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ने लगा है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक व दो पर लगने वाली दुकानों के अलावा परिसर के बाहर स्थित दुकानों पर भी मंगलवार को लगभग पूरे दिन सन्नाटा ही पसरा रहा। इक्कादुक्का लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। रेलवे स्टेशन के निकट जलपान की दुकान करने वाले संदीप गुप्ता ने कहा कि यात्रियों के न आने से आय में कमी हुई है। यदि ऐसा लंबा खिंचा तो आर्थिक समस्या खड़ी हो सकती है। शीतल पेयजल की दुकान करने वाले अनुराग ने कहा कि यात्रियों की संख्या में अचानक हुई कमी से बिक्री काफी घट गई है। दिनभर में बमुश्किल 20 बोतल पानी बिक रहा है।