अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर तीन जगह चोरी हो गई। मीरानपुर स्थित इमामबाड़ा की दान पेटी से ताला तोड़कर लगभग एक लाख की नकदी चोरी हो गई। कुर्की बाजार के दो घरों पर धावा बोलकर चोरों ने जेवर व नकदी समेत करीब चार लाख का सामान पार कर दिया।
अकबरपुर नगर के मीरानपुर निवासी अंजुमन अकबरिया के अध्यक्ष रेहान जैदी ने गुरुवार को कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने बीती रात इमामबाड़े की दान पेटी का ताला तोड़कर लगभग एक लाख रुपये पार कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी की फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया है।
इससे पहले बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने कुर्की बाजार में दो घरों को निशाना बनाया। क्लीनिक चलाने वाले वीरेंद्र कुमार के घर में ताला तोड़कर घुसे चोर करीब तीन लाख रुपये के गहने व 58 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। वारदात के समय वीरेंद्र अपने भाई के साथ क्लीनिक गए थे और उनकी पत्नी बाजार में संचालित अपने ब्यूटी पार्लर पर गईं थीं। चोरों ने वीरेंद्र के पड़ोसी के घर को भी निशाना बनाया। वहां ताला तोड़कर चोर करीब एक लाख का सामान चुरा ले गए। वीरेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।