कटेहरी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के शिवबाबा धाम परिसर में शुक्रवार को साप्ताहिक मेले का आयोजन हुआ। ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कमजोर नहीं पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। दोपहर तक मंदिर परिसर में भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए भक्तों ने भजन-कीर्तन किया।मेले में लगे अस्थायी स्टालों पर भी काफी चहल-पहल रही। खिलौने, मिठाइयां, घरेलू सामान और खानपान की दुकानों पर खरीदारी होती रही। बच्चों में खिलौनों को लेकर खास उत्साह दिखा। वहीं परिवारों ने जरूरत का सामान और मिठाइयां खरीदीं।