फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विवेचक के जाते ही सदमे में आ गई थी किशोरी

विज्ञापन
विज्ञापन
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। विवेचक ने किशोरी को एकांत में बुलाकर कुछ कहा, इसके बाद से ही वह डिप्रेशन में चली गई। रातभर वह भारी सदमे में रही। सुबह होते-होते उसने आत्महत्या कर दुनिया को अलविदा कह दिया।
विज्ञापन

किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद विवेचना में लापरवाही व मनमानी के आरोपों से घिरी मालीपुर पुलिस के लिए नई मुसीबत सामने आई है। अब यह खास जानकारी हुई है कि मालीपुर थाने के विवेचक मंगलवार देर शाम किशोरी के घर पहुंचे। वहां उन्होंने आराम से उससे ही पूछा कि क्या कर रही थी। उसने बताया कि खाना बनाकर आ रही हूं। विवेचक ने फिर पूछा कि क्या बनाया है तो उसने रोटी-सब्जी बनाने की जानकारी देते हुए उनसे भोजन करने का आग्रह किया।
विवेचक ने इन्कार करते हुए बिटिया को कुछ पूछने के लिए एक किनारे बुलाया। उसे एकांत में ले जाने के बाद कान में कुछ कहा। कुछ देर के बाद विवेचक वहां से चले गए। इसी के बाद से बिटिया डिप्रेशन में चली गई। उसकी बहन ने शुक्रवार को बताया कि बिटिया ने दरोगा के जाने के बाद बताया कि वे कह रहे थे कि हम सबको असलियत पता चल गई है। तुम सब कुछ सच-सच बता दो वरना तुम सब फंस जाओगी।
विज्ञापन

बहन का कहना था कि इसके बाद से ही वह इस तरह सदमे में आई कि उसने कुछ भी खाने से मना कर दिया। उसे परेशान देख किसी ने भी भोजन नहीं किया। रात 10 बजे के करीब वह सोने चली गई। इसके बाद देर रात दो बार वह उठी और बाहर बाथरूम जाने के दौरान खुले में ही गुमसुम सी बैठ गई। दोनों बार वहां तक जाकर मां ने उठाया और हाथ पकड़कर ले आईं। इसके बाद सुबह साढ़े छह बजे वह सोकर उठी। करीब आधे घंटे तक जगने के बाद वह फिर से सोने की बात कहकर घर के अंदर चली गई। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
शुक्रवार को गांव में मिले तमाम ग्रामीणों का कहना था कि दरोगा के गैर जिम्मेदाराना रवैये ने ही बिटिया को डिप्रेशन में ला दिया। उन्हें यह ध्यान देना था कि बिटिया की उम्र अत्यंत कम है। वह पहले से ही तनाव में है। ऐसे में उस पर कोई अतिरिक्त तनाव डालने से पहले बाकायदा काउंसिलिंग करनी थी। बिटिया से कोई भी पूछताछ या बात परिवार के सामने और सबको विश्वास में लेकर करना था। ग्रामीणों का कहना था कि यदि विवेचक ने परिपक्वता दिखाई होती तो बिटिया सदमे में न जाती। यह भी कहा गया कि पुलिस इसके पहले भी जांच के लिए आ चुकी थी लेकिन तब यह नहीं कहा गया था कि तुम सब फंस जाओगी।
विज्ञापन

उधर एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि विवेचक को पहले से ही निलंबित किया जा चुका है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे भी जांच व कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें