अंबेडकरनगर। अयोध्या जनपद के गोसाईगंज बाजार से चनहा चौराहे तक की 10 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने साढ़े 31 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है। दोनों जनपदों के यात्री इस मार्ग के निर्माण से लाभान्वित होंगे। खासतौर पर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे तक जाने की राह सुगम हो जाएगी।
सड़क निर्माण के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता मिली है। एमएलसी हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर शासन ने एक दिन पहले नौ मार्च को 31 करोड़ 44 लाख 77 हजार रुपए की लागत से गोसाईगंज से चनहा तक की 10.200 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सात मीटर करने की मंजूरी दे दी। चनहा चौराहे से भीटी तक लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से पहले ही सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा चुकी है। भीटी से महरुआ होते हुए दोस्तपुर के निकट स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे तक 27 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और सुदृढ़ीकरण का काम पहले ही 52 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है।
एमएलसी प्रतिनिधि प्रकाश त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि सड़क निर्माण लोक निर्माण विभाग का प्रांतीय खंड कराएगा। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर 3,14,47000 रुपये अवमुक्त भी कर दिया गया है। विभाग की तरफ से जल्द ही टेंडर आदि प्रक्रिया अपनाकर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।