अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पसियापारा गांव में मंगलवार सुबह खपरैलनुमा पशुशाला की साफ सफाई के दौरान अचानक कच्ची दीवार ढह गई।
जिसके मलबे में दब कर अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गांव निवासी रामबख्श (55) पुत्र वासुदेव मंगलवार सुबह खपरैलनुमा पशुशाला की सफाई कर रहा था। इसी बीच एक तरफ की दीवार भरभराकर ढह गई। जिसके मलबे में वह दब गया।
परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से अधेड़ को मलबे से बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि अधेड़ की मौत दीवार ढहने से उसकी चपेट में आने से हुई है।