अंबेडकरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने सोमवार को सभी पांच विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची प्रकाशित कर दी। इसमें अकबरपुर, टांडा, कटेहरी, जलालपुर व आलापुर सभी विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
167 मतदेय स्थल की कटौती कर दी गई है। एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि यह सूची नि:शुल्क निरीक्षण के लिए सभी तहसील मुख्यालय व जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध है। यदि कोई मतदेय स्थल सूची का निरीक्षण करना चाहता है, तो वह संबंधित स्थानों पर संपर्क कर सकता है। यदि उन्हें मतदेय स्थल को लेकर किसी तरह की आपत्ति है तो वह 29 अगस्त तक दर्ज करा सकता है।
एडीएम ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए मतदेय स्थलों का संभाजन किया गया है। जिससे मतदाताओं व पोलिंग पार्टी को मतदान करने व कराने में किसी तरह की दिक्कत न हो। नए प्रस्तावित मतदेय स्थल में ध्यान रखा गया है कि आबादी दो किलोमीटर से अधिक दूर न हो। इ
सके अलावा मतदान स्थल पर पर्याप्त सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। यदि किसी भी मतदेय स्थल को लेकर आपत्ति प्राप्त होगी, तो उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। बताया कि जिले में अब तक 2075 मतदेय स्थल थे। परन्तु अब इसमें 167 की कटौती की गई है। सोमवार को मतदेय स्थलों की जो सूची प्रकाशित की गई है, उसमें मतदेय स्थल की संख्या 1908 है।