फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: बिजली विभाग की लापरवाही ने ली बुजुर्ग व युवती की जान

विज्ञापन
विज्ञापन
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। बिजली विभाग की लापरवाही ने बुधवार भोर में हरिहरपुर गांव निवासी एक बुजुर्ग व युवती की जान ले ली। गांव से गुजर रहे टूटकर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर दोनों की मौके पर मौत हो गई। उन्हें बचाने के प्रयास में गांव निवासी एक युवक व बुजुर्ग महिला भी झुलस गए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन

हरिहरपुर गांव निवासी रामदरश (60) प्रतिदिन की तरह बुधवार भोर में भी खाली पड़े खेत की गुड़ाई करने के लिए घर से निकले थे। जिस खेत की गुड़ाई कर रहे थे उसी के बगल स्थित खेत को कटीले तार से घेरा गया था। खेत के दूसरे छोर से गुजर रहा बिजली का हाईटेंशन तार बैरिकेडिंग पर टूटकर गिरा था। जिसमें बिजली आपूर्ति बहाल थी। उन्होंने लटक रहे कटीले तार को ठीक करना चाहा तो करंट की चपेट में आ गए। इस बीच उधर से गुजर रही गांव निवासी प्रेमप्रकाश चौरसिया की 18 वर्षीय पुत्री प्रियंका ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। वह भी करंट लगने से बेसुध हो गई।
वहां पहुंचे गांव निवासी भानुप्रकाश (40) व चंपा देवी (60) को भी कुछ समझ नहीं आया। उन लोगों ने दोनों को तार से अलग करने की कोशिश की तो वे भी करंट से झुलस गए। घटना की जानकारी होते ही समूचे गांव में हड़कंप मच गया। रामदरश व प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई। घायल भानुप्रकाश व चंपा देवी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज चल रहा है। मृतका प्रियंका फतेह बहादुर मेमोरियल इंटर कॉलेज में कक्षा-11 की छात्रा थी।
विज्ञापन

घटना की जानकारी होते ही एसडीएम सौरभ शुक्ल, सीओ रामबहादुर सिंह, रामबहादुर सिंह व थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जतायी। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया।

दर्जनाें शिकायत, नहीं बदले जर्जर तार
हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से हरिहरपुर गांव निवासी बुजुर्ग रामदरश व युवती प्रियंका की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से ही दोनों की जान गई है। विनोद पांडेय, जय प्रकाश पांडेय, अजीत कुमार व रामप्रताप वर्मा ने कहा कि एक दर्जन से अधिक बार लिखित व मौखिक रूप से जर्जर तारों को बदलने की शिकायत की गई थी। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई घरों के ऊपर से ही बिजली का तार गुजर रहा है लेकिन सुरक्षा प्रबंधों की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते ही ग्रामीणों पर हमेशा खतरा मंड़राता रहता है।


तार टूटने से लग चुकी है आग
बिजली विभाग की लापरवाही नई नहीं है। गांव निवासी शिवचंद्र चौरसिया के घर पर जर्जर बिजली का तार टूटकर गिरने से आग लग चुकी है। करीब एक वर्ष पहले हुई इस घटना से पीड़ित परिवार की गृहस्थी जलकर खाक हो गई थी। उस समय भी ग्रामीणों ने गांव स्थित घरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन जर्जर बिजली के तारों को बदलने व हटाए जाने की मांग की थी। दर्जन भर बार लिखित शिकायतें की गईं लेकिन विभाग ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इसी का खामियाजा अक्सर ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है।

जनप्रतिनिधियों ने बधाया ढांढ़स
घटना की जानकारी होने पर पूर्व विधायक त्रिवेणीराम हरिहरपुर गांव पहुंचे। घटना पर दु:ख जाहिर करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का भरोसा दिलाया। बिजली विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल जर्जर तारों को बदले जाने को कहा। आलापुर विधायक त्रिभुवनदत्त, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, दिनेश पांडेय, सपा नेता प्रद्युम्न यादव सहित अन्य ने घटना पर शोक संवेदना प्रकट की।

पीड़ितों को दी जाएगी मदद
मामले में समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ित परिवार को मदद दी जाएगी। घटना को लेकर जांच तय होगी, जिस भी स्तर पर लापरवाही मिल रही है उसके खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी। - सौरभ शुक्ल, एसडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें