जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना क्षेत्र के लेढ़िया घाट पर मछली पकड़ने गए सब्जी विक्रेता की नदी में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जैतपुर थाना क्षेत्र के लेढ़िया गांव निवासी मुन्नीलाल (50) जलालपुर नगर में सब्जी बेचता था। गुरुवार को वह गांव के बाहरी छोर स्थित तमसा नदी के लेढ़िया घाट पर मछली पकड़ने गया था। बताया जाता है कि मछली पकड़ने के दौरान वह अनियंत्रित हो गया और नदी में डूब गया।
यह जानकारी परिजनों व ग्रामीणों को मिली तो वह रोते बिलखते घाट पर पहुंचे। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को नदी से बरामद कर लिया। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।